MAT परिणाम में राईपुर की बेटी ने लहराया परचम, 99.96 पर्सेंटाइल से बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

बृज बिहारी दुबे
By -

जौनपुर सरेरी। हाल ही में घोषित मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट (MAT) मई-2026 के परिणाम में सुरेरी क्षेत्र के राईपुर गांव निवासी भाजपा नेता अरविंद कुमार उपाध्याय एवं पूर्व प्रधान ममता उपाध्याय की पुत्री निक्की उपाध्याय ने 99.96 पर्सेंटाइल प्राप्त कर क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
निक्की उपाध्याय की प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई भदोही जनपद के गोपीगंज में स्थित एक इंटर कॉलेज में ही हुई। इसके बाद उन्होंने प्रयागराज में रहकर बीएससी (स्नातक) की शिक्षा प्राप्त की तथा वहीं से MAT परीक्षा की तैयारी की। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परीक्षा के लिए उनका परीक्षा केंद्र नई दिल्ली में निर्धारित था, जहां उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया। परीक्षा में उन्होंने 800 का कंपोजिट स्कोर प्राप्त करते हुए 99.96 पर्सेंट हासिल की।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस सफलता ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई मिसाल कायम की है। परिणाम घोषित होने के बाद परिजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने निक्की को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद निक्की ने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
भाजपा नेता अरविंद कुमार उपाध्याय ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उसकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और लगन का प्रतिफल है। वहीं पूर्व प्रधान ममता उपाध्याय ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और समाज का नाम रोशन कर रही हैं।
निक्की की इस उपलब्धि से राईपुर गांव सहित पूरे सुरेरी क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनकी सफलता ने यह संदेश दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती, बल्कि गांव की मिट्टी से निकलकर भी राष्ट्रीय स्तर पर सफलता के नए आयाम स्थापित किए जा सकते हैं। इस मौके पर आशीष दुबे, जगदम्बा उपाध्याय, बालकृष्ण उपाध्याय, तुफानी राजभार, दूधनाथ पाठक, देवीशंकर मिश्र, रविन्द्र मिश्र ने उनके आवास पर पहुंचकर विटिया की सफलता पर बधाई दी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!