जौनपुर के बरसठी थाना क्षेत्र की बड़ेरी चौकी अंतर्गत परौती मोड़ के पास BSNL टावर के सामने शनिवार सुबह करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक ने नीले रंग की शर्ट और हाफ पैंट पहन रखी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार युवक पिछले कई दिनों से आसपास के बाजार में घूमता दिखाई देता था।
बड़ेरी चौकी प्रभारी शैलेंद्र दुबे ने बताया कि शव को मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवाया गया है। पहचान के प्रयास जारी हैं और पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
