रिपोर्ट - भोला ठाकुर
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति के माननीय सभापति अशोक अग्रवाल के सभापतित्व में जनपद गौतमबुद्धनगर से संबंधित 06 निर्धारित बिंदुओं की समीक्षा हेतु बैठक गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस सभागार में आयोजित की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा माननीय सभापति का पुष्प गुच्छ, शाल, मोमेंटो एवं ओडीओपी उत्पाद भेंट कर स्वागत किया गया।
बैठक में माननीय सभापति के नेतृत्व में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना औद्योगिक विकास विभाग, जिला पंचायत तथा जिला पंचायती राज विभाग से संबंधित प्राप्त याचिकाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
माननीय सभापति ने कहा कि जनसामान्य अपनी समस्याएं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सदन तक पहुंचाते हैं और इन याचिकाओं के समाधान की जिम्मेदारी समिति के माध्यम से सुनिश्चित की जाती है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त होने वाली प्रत्येक याचिका का पूर्ण गंभीरता, प्राथमिकता एवं त्वरित गति से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे संबंधित वादियों को समयबद्ध लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि याचिका समिति के अंतर्गत प्रस्तुत प्रकरणों के निस्तारण के उपरांत उसकी सूचना तत्काल समिति को उपलब्ध कराई जाए, ताकि लंबित प्रकरणों की सूची से उन्हें समय पर हटाया जा सके।
जिलाधिकारी ने माननीय सभापति को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की याचिका समिति के माननीय सदस्य ऋषि पाल अरोड़ा, श्री चंद शर्मा, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी, एडिशनल सीपी अजय कुमार, एसीईओ नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसीईओ ग्रेटर नोएडा सुमित यादव, मुख्य पंचायत अधिकारी प्रियंका चतुर्वेदी, खंड विकास अधिकारी दादरी नेहा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
