बरसठी, जौनपुर कम्पोजिट विद्यालय भन्नौर के प्रवेशद्वार पर फैली गंदगी और कूड़ा-करकट को लेकर प्रकाशित खबर का असर तत्काल देखने को मिला। खबर सामने आते ही खंड विकास अधिकारी वर्षा बंग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सफाई कर्मियों को मौके पर भेजा और विद्यालय परिसर के बाहर व अंदर साफ-सफाई का कार्य शुरू करा दिया।
विद्यालय के मुख्य द्वार पर लंबे समय से फैली गंदगी, दुर्गंध और कूड़े के ढेर को लेकर स्थानीय लोगों व अभिभावकों में नाराजगी थी। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल सफाई अभियान चलाया गया। सफाई कर्मियों ने विद्यालय के आसपास जमा कूड़ा हटाया तथा परिसर को स्वच्छ बनाने का कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने खंड विकास अधिकारी की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह समस्याओं पर तत्काल ध्यान दिया जाए तो गांवों की तस्वीर बदल सकती है। वहीं विद्यालय के शिक्षकों और अभिभावकों ने भी राहत महसूस की है।
