सिधौली/सीतापुर। जनपद की सिधौली तहसील क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान लूटपाट और महिलाओं के साथ अभद्रता का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामला कोतवाली सिधौली क्षेत्र के कस्बा मोहल्ला बहादुरपुर से जुड़ा बताया जा रहा है। पीड़ित रामचन्द्र पुत्र जगतनारायण निवासी ग्राम लुधपुरवा ने पुलिस अधीक्षक सीतापुर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री के विवाह समारोह में गांव के दबंग हथियारों के बल पर घुस आए और महिलाओं के बीच दहशत फैला दी।
पीड़ित के अनुसार 12 मई 2026 की रात करीब 12:30 बजे विशाल, विकास, आकाश, रिंकू समेत कई युवक अवैध असलहों और धारदार हथियारों से लैस होकर कई मोटरसाइकिलों से विवाह पंडाल में पहुंचे। उस समय महिलाएं और मेहमान खुशी के माहौल में विवाह उत्सव मना रहे थे। आरोप है कि हथियारबंद दबंगों ने अचानक महिलाओं के बीच हमला बोल दिया और लखनऊ के बक्सी का तालाब निवासी युवती रूपांशी को बुरी नीयत से पकड़ लिया।
असलहे की नोक पर विवाह उत्सव मना रही युवती के गले से हार छीनकर आरोपी मौके से भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं दहशत में इधर-उधर भागने लगीं।
हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपियों की दो मोटरसाइकिलें घटनास्थल पर ही पकड़ लीं, लेकिन आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।
पीड़ित रामचन्द्र का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन जब विवाह कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह कोतवाली सिधौली पहुंचे और लिखित तहरीर दी, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बजाय समझौते का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि पुलिस पकड़ी गई मोटरसाइकिलें वापस करने और जबरन राजीनामा कराने का दबाव बना रही है।
अब पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक सीतापुर से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद कस्बा बहादुरपुर सहित पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शादी समारोह में खुलेआम हथियार लहराकर महिलाओं में दहशत फैलाने वाले आरोपियों पर कार्रवाई कब होगी।
