जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति तथा जिला एमआईयू की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के औद्योगिक वातावरण को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाना तथा उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के प्रमुख उद्यमी संगठनों के पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना प्राधिकरण के वर्क सर्कल एसीईओ तथा ओएसडी द्वारा बैठक में प्रतिभाग न किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर विस्तृत आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि शासन को अवगत कराया जा सके और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित अथॉरिटी एवं जिला स्तरीय अधिकारी बैठक से पूर्व उद्यमियों द्वारा प्राप्त कराई गई समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करते हुए बैठक से एक सप्ताह पूर्व आख्या उपलब्ध कराएं, जिससे समीक्षा बैठक अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुखी बन सके।
बैठक के दौरान उद्यमी प्रतिनिधियों ने अतिक्रमण, यातायात जाम, कूड़ा-कचरा निस्तारण, पार्किंग की समस्या, सड़कों की खराब स्थिति, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, जीएसटी से संबंधित जटिलताओं, जल आपूर्ति तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना क्षेत्र के आसपास के प्रमुख बाजार क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि व्यापारिक गतिविधियां किसी भी प्रकार की व्यवस्थागत बाधा से प्रभावित न होने पाएं। उन्होंने उद्यमी क्षेत्रों एवं अन्य स्थानीय निकायों को बाजार क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने तथा आवश्यकतानुसार जुर्माना लगाए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा व्यस्त समय में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए, जिससे उद्यमी एवं आमजन सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन कर सकें।
कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान के संबंध में जिलाधिकारी ने नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रवार तैनात सफाई कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा कई बार अनुपस्थित पाए जाने पर उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चिन्हित कूड़ादन क्षेत्रों में संबंधित कर्मचारी एवं वाहन, वाहन चालक के मोबाइल नंबर सहित सूचना सार्वजनिक की जाए, ताकि उद्यमी एवं आमजन कचरा निस्तारण में देरी होने पर सीधे संबंधित अधिकारी को सूचित कर सकें और समस्या का त्वरित समाधान हो सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि उद्यमी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए उपलब्ध शौचालयों का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा जहां आवश्यकता हो वहां नए शौचालयों का निर्माण कराया जाए। साथ ही सभी सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों को 24×7 संचालित किया जाना सुनिश्चित किया जाए, जिससे विशेषकर महिला उद्यमियों, एवं कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके।
बैठक का सफल संचालन उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण द्वारा किया गया। इस अवसर पर एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण श्रीलक्ष्मी वी एस, ओएसडी यमुना विकास प्राधिकरण शिव अवतार सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नोएडा रितेश कुमार, एस एम ग्रेटर नोएडा चेतराम सिंह, पुलिस विभाग, नोएडा प्राधिकरण, विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
