जौनपुर। जनपद के रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आशापुर में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में एक युवक का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू की। शुरुआती जांच में युवक के सिर पर ईंट से वार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
मृतक की पहचान बृजेश यादव पुत्र निवासी ग्राम मेहदी, थाना सिकरारा के रूप में हुई। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए, आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया गया। महज 5 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि पैसों के लेन-देन को लेकर मृतक और उसके मामा के लड़के रोहित यादव के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद में आवेश में आकर रोहित ने ईंट से सिर पर वार कर बृजेश की हत्या कर दी और शव को खेत में छोड़कर फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार की त्वरित कार्रवाई और कुशल नेतृत्व की क्षेत्र में सराहना हो रही है। महज पांच घंटे में हत्या जैसे गंभीर मामले का सफल अनावरण कर पुलिस ने अपनी सक्रियता और तत्परता का परिचय दिया है।
