वाराणसी में आज सुबह मौसम साफ है। हवा बिल्कुल शांत है। अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह शहर का AQI 103 है।
मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से वाराणसी में शुक्रवार को तेज हवा के साथ बूंदाबादी का पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव आज रात से दिखने लगेगा।
बीते नौ जनवरी से एक के बाद सक्रिय हो रहे विक्षोभ में यह सबसे शक्तिशाली माना जा रहा है। इसलिए वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 24 जनवरी तक पहाड़ों पर बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में बारिश हो सकती है।
*पिछले 24 घंटे की स्थिति*
इससे पहले बुधवार को बीते 20 जनवरी को सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने से दोपहर बाद तेज पछुआ हवा चलने से शाम को ठंड बढ़ गई। लेकिन सुबह धूप निकलने के बाद दोपहर दो बजे तक लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। हवा की रफ्तार सात किमी प्रतिघंटा रही।
*ठंड में दिल और दिमाग के मरीज बढ़े*
ठंड के मौसम में दिल और दिमाग के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। बीएचयू अस्पताल के हृदय रोग विभाग की ओपीडी में हर सप्ताह 100 नए मरीजों में हृदय रोग की पुष्टि हो रही है। डॉक्टरों के अनुसार इनमें हर तीसरे व्यक्ति की उम्र 40 साल से कम है। इसके अलावा न्यूरोलॉजी विभाग की ओपीडी में भी ब्रेन स्ट्रोक के 120 नए मरीज आ रहे हैं। पिछले दो महीनों में इसी तरह के मरीज लगातार देखे जा रहे हैं।
डाक्टर वीएन मिश्रा ने कहा- ठंड के चार महीने (नवंबर से फरवरी तक) में नसों में खून का प्रवाह सामान्य गति से नहीं होने के कारण दिल और दिमाग से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। तेजी से बदल रही जीवनशैली, दिनचर्या का बिगड़ना और खानपान में अनुचितता के कारण अब कम उम्र में हृदय और ब्रेन संबंधी बीमारियां हो रही हैं।
*इस प्रकार सावधानी बरतनी चाहिए*
- सुबह 7 बजे तक टहलने से बचें। इस समय हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा अधिक रहता है।
- बाहर जाकर व्यायाम करने के बजाय घर में ही योग करें।
- यदि पहले से बीपी या शुगर की समस्या है, तो अधिक सतर्कता बरतें।
- जरूरत के अनुसार शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें, जिससे खून का प्रवाह नसों में निरंतर बना रहे।
*अब जानिए वाराणसी से आने जाने वाले ट्रेन का हाल*
- 22318 हमसफ़र एक्सप्रेस 1 घंटे विलम्ब
- 18523 बनारस एक्सप्रेस 1 घंटे विलम्ब
- 12791 दानपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 1 घंटे 10 मिनट विलम्ब
- 14214 वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस (बहराइच - वाराणसी)कैंसल
