गिरिडीह को जल्द मिलेगी दो बड़ी सौगातें, बनेगा उसरी रिवर फ्रंट और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट

बृज बिहारी दुबे
By -

 रिपोर्ट अमित बाछुका 



गिरिडीह शहर के लोगों के लिए खुशखबरी है। लंबे इंतजार के बाद नगर निगम क्षेत्र को दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। 25 करोड़ रुपये की लागत से उसरी रिवर फ्रंट और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण किया जाएगा। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पहल पर इन दोनों योजनाओं के क्रियान्वयन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।

नगर निगम ने दोनों परियोजनाओं की डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार कर नगर विकास एवं आवास विभाग को स्वीकृति के लिए भेज दी है। स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी और जल्द ही निर्माण कार्य धरातल पर उतर जाएगा।

उसरी रिवर फ्रंट बनेगा 12 करोड़ की लागत से
उसरी नदी के अरगाघाट से पुराना पुल तक लगभग 12 करोड़ की लागत से रिवर फ्रंट का निर्माण किया जाएगा। यहां पार्क, जॉगिंग ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के खेल क्षेत्र, लाइटिंग और बैठने की व्यवस्था जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। यह स्थल गिरिडीह के नागरिकों के लिए आराम, स्वास्थ्य और मनोरंजन का नया केंद्र बनेगा।

नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि यह परियोजना उनकी महत्वाकांक्षी योजना है, जिससे शहर के लोग स्वच्छ और सुंदर वातावरण में समय व्यतीत कर सकेंगे।

सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से नदी रहेगी स्वच्छ
लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट शहर के पांच स्थानों — बनखंजो से झरियागादी तक — स्थापित किया जाएगा। इस प्लांट के माध्यम से शहर के नालों का गंदा पानी ट्रीट होकर नदी में जाएगा, जिससे उसरी नदी की स्वच्छता और जल गुणवत्ता बनी रहेगी।

नगर प्रशासक प्रशांत कुमार लायक ने बताया कि डीपीआर तैयार है और स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।

गिरिडीह में विकास की नई दिशा
इन दोनों योजनाओं से गिरिडीह शहर के बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार होगा। न सिर्फ नदी स्वच्छ होगी, बल्कि नागरिकों को एक सुरम्य और हरित स्थल भी मिलेगा। यह परियोजनाएं गिरिडीह के विकास की नई पहचान साबित होंगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!