(रिपोर्ट सुनील कुमार गुप्ता)
गौतमबुद्धनगर, 14 अक्टूबर 2025 प्रदेश स्तरीय सब-जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का दूसरा दिन आज नोएडा एजुकेशनल एकेडमी, सेक्टर-110, नोएडा फेज-2 में जिला खेल कार्यालय गौतमबुद्धनगर के तत्वावधान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के महासचिव राजेश कुमार, नोएडा एजुकेशनल एकेडमी की प्रधानाचार्या मंजू शर्मा, खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश के पर्यवेक्षक उपक्रीड़ा अधिकारी शमीम अहमद एवं शिकायत निदानकर्ता अधिकारी अभिषेक कुमार उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के लिए चिन्हित किया गया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों एवं 2 हॉस्टल टीमों ने प्रतिभाग किया, जिनमें वाराणसी, अलीगढ़, मिर्जापुर, मेरठ, सहारनपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली, बस्ती, अयोध्या, चित्रकूट, देवीपाटन, झांसी, आगरा, आजमगढ़ मंडल तथा सैफई हॉस्टल और अमेठी हॉस्टल की टीमें शामिल रहीं।
प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी, गौतमबुद्धनगर डॉ परवेज अली ने बताया कि प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले कल आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता के सफल संचालन में ज्योति नगर (बॉक्सिंग कोच), शीलंकुर (नेटबॉल कोच), देवेंद्र कौशिक (कार्यालय सहायक) सहित समस्त जिला खेल कार्यालय स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
