*गौतम बुद्ध नगर, 20 सितंबर 2025 नारी शक्ति की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित “मिशन शक्ति-5.0” का शुभारंभ आज लोक भवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के सभी 1,647 थानों में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की पुस्तिकाओं का विमोचन किया गया तथा माननीय मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया।
मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “मिशन शक्ति नारी गरिमा एवं सशक्तिकरण का प्रतीक है, जो महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।”
इसी क्रम में जनपद गौतम बुद्ध नगर में कलेक्ट्रेट सूरजपुर स्थित एनआईसी सभागार में मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा लखनऊ के लोक भवन से किए जा रहे शुभारंभ कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण देखा गया। उपस्थित माननीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सजीव प्रसारण को देखा और मिशन शक्ति के उद्देश्यों की सराहना की।
इस दौरान माननीय विधायक दादरी तेजपाल नागर, माननीय विधान परिषद सदस्य नरेंद्र भाटी, माननीय विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम द्वारा उपस्थित सभी माननीय जनप्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
रिपोर्ट- सुनील कुमार गुप्ता*
