संसार ग्रीन, जो ऑर्गेनिक खेती पर कार्य करने वाला एक स्टार्टअप है, ने आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के साथ एआई-संचालित ऑर्गेनिक खेती समाधान विकसित करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए। यह पहल CIIE IIT (ISM) फाउंडेशन धनबाद के अंतर्गत इनक्यूबेट की गई है। कंपनी के दोनों निदेशक राजीव सिंह और रिमी सिंह गिरिडीह (बक्सीडीह रोड) के निवासी हैं।
इस परियोजना का उद्देश्य किसानों को मिट्टी स्वास्थ्य विश्लेषण, फसल विशिष्ट सिफारिशें, प्रत्यक्ष बाज़ार संपर्क, प्रशिक्षण मॉड्यूल और विशेषज्ञ हेल्पलाइन जैसी सुविधाएँ प्रदान करना है। साथ ही, स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार माइक्रोबियल स्ट्रेन बैंक स्थापित कर क्षेत्र-विशिष्ट बायो-फ़र्टिलाइज़र, बायो-पेस्टीसाइड और उच्च गुणवत्ता वाले ऑर्गेनिक बीज उपलब्ध कराए जाएंगे।
जैविक खेती में सूक्ष्मजीव जलवायु व भौगोलिक परिस्थितियों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील होते हैं। स्थानीय स्ट्रेन की अनुपलब्धता इसे कठिन बनाती है। संसार ग्रीन, आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के सहयोग से इन्हें शीघ्र उपलब्ध कराने हेतु कार्यरत है।
एआई तकनीक किसानों को यह जानने में सक्षम बनाएगी कि उनकी मिट्टी के लिए कौन-सी फसल सबसे उपयुक्त है और बेहतर पैदावार हेतु क्या आवश्यक है। साथ ही, तैयार फसल को नज़दीकी बाज़ार से जोड़कर उन्हें उचित मूल्य प्राप्त होगा।
निदेशक राजीव सिंह ने कहा "यह परियोजना झारखंड को ऑर्गेनिक राज्य बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर है।"
निदेशक रिमी सिंह ने बताया "हम तकनीक, विज्ञान और स्थानीय ज्ञान को मिलाकर जैविक खेती को लाभकारी और विस्तार योग्य बनाएंगे
रिपोर्ट अमित बाछुका