पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल ,मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के समस्त मीडिया अधिकारियों एवं पदाधिकारियों का होगा मुख्य केंद्र:
नई दिल्ली/मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश): भारतीय मीडिया फाउंडेशन (नेशनल) ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मिर्जापुर जिले के नरायनपुर बाजार स्थित बैकुंठपुर कॉलोनी में राष्ट्रीय मीडिया सेंटर-2 का शुभारंभ किया है। इस नए केंद्र का उद्देश्य इन सभी राज्यों के मीडियाकर्मियों के लिए एक केंद्रीय हब के रूप में कार्य करना है, जहां से संगठन की सभी गतिविधियों का संचालन किया जाएगा एवं एक-एक सूचना राष्ट्रीय मुख्य कार्यालय नई दिल्ली को प्रेषित की जाएगी।
भारतीय मीडिया फाउंडेशन (नेशनल) के संस्थापक और इंटरनेशनल मीडिया आर्मी के संयोजक मंडल के सदस्य एके बिंदुसार ने बताया कि यह कार्यालय न केवल भारतीय मीडिया फाउंडेशन (नेशनल) बल्कि मीडिया रिसर्च सेंटर के कार्यों को भी सुचारू रूप से संचालित करेगा। उन्होंने इस पहल को एक बड़ी और सुनियोजित योजना का हिस्सा बताया, जिसका लक्ष्य मीडिया और कलमकारों को एकजुट कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।
बिंदुसार ने संगठन के सदस्यों से आह्वान किया कि वे इस यूनियन को अपना परिवार समझें और तन-मन-धन से इसमें सक्रिय होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर एक परिवार की तरह आगे बढ़ना है, ताकि मीडिया यूनियन की नींव को और मजबूत किया जा सके।
*वरिष्ठ कलमकारों का सम्मान*
28 सितंबर को मिर्जापुर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को मीडिया एवं कलमकार रत्न, उत्कृष्ट पत्रकार रत्न , बेस्ट सामाजिक कार्यकर्ता प्रशस्ति पत्र पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, इस कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण यूनियन के संस्थापक सदस्य स्वर्गीय पंडित महेश चंद्र उपाध्याय अलंकरण पुरस्कार होगा। यह पुरस्कार भारतीय मीडिया फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य रहे स्वर्गीय पंडित महेश चंद्र उपाध्याय की स्मृति में दिया जाएगा, जिन्होंने अपने संघर्ष और समर्पण से संगठन की नींव रखी थी। एके बिंदुसार ने कहा कि यह कार्यक्रम पूरे देश को एक प्रेरणादायक संदेश देगा।
*दिल्ली में अगला कार्यक्रम*
बिंदुसार ने यह भी घोषणा की कि भारतीय मीडिया फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य और वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय बाबूलाल जायसवाल की स्मृति में अगला कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 28 सितंबर को बाबूलाल जायसवाल जी की याद में भी आयोजित होगा, जिन्होंने अपने खून-पसीने से इस मीडिया यूनियन को खड़ा किया था।
एके बिंदुसार ने कहा कि जिन्होंने इस संगठन के निर्माण में अपना सर्वस्व निछावर कर दिया है, उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। "जब तक सूरज-चांद रहेगा, याद करेगा उन्हें वतन," इन शब्दों के साथ उन्होंने उन सभी महानुभावों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
यह नया केंद्र मिर्जापुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश में पत्रकारिता के मूल्यों को स्थापित करने और मीडियाकर्मियों को एक सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।