प्रतापगढ़। आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने क्षेत्राधिकारी नगर आशुतोष मिश्रा एवं असिस्टेंट मजिस्ट्रेट अभिषेक सेहरा के साथ पुलिस बल लेकर शहर में पैदल गश्त की।
इस दौरान घंटाघर से सर्राफा बाजार होते हुए पंजाबी बाजार तक भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। एसपी ने बाजारों में व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और सुरक्षा संबंधी जानकारी लेते हुए उन्हें सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया।
पैदल गश्त के दौरान बाजार क्षेत्र में वाहनों की चेकिंग भी की गई। यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस बल को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश दिए।
