शाहजहांपुर - स्थानीय रेलवे स्टेशन के टीटीई कार्यालय में गुरुवार को उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामा खड़ा हो गया, जब बेटिकट (सामान्य टिकट पर सुपरफास्ट यात्रा) पकड़ी गई एक महिला सिपाही ने धौंस जमाने के लिए सीधे डायल-112 पर कॉल कर पुलिस बुला ली। आधे घंटे तक चले इस 'खाकी बनाम रेलवे' संग्राम में जब टीटीई ने खीरी एसपी को रिपोर्ट भेजने की चेतावनी दी, तब जाकर सिपाही के तेवर ढीले पड़े और उन्हें जुर्माना भरना पड़ा।महिला सिपाही राज्यरानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस से सफर कर स्टेशन पर उतरी थीं। प्लेटफॉर्म पर चेकिंग कर रहीं महिला टीटीई ने जब उनका टिकट मांगा, तो उनके पास केवल साधारण (जनरल) श्रेणी का टिकट निकला। सुपरफास्ट ट्रेन में सामान्य टिकट पर यात्रा को नियम विरुद्ध बताते हुए टीटीई ने नियमानुसार जुर्माना (रसीद) बनवाने को कहा।जुर्माने की बात सुनते ही महिला सिपाही भड़क गईं और अपनी वर्दी का रौब दिखाते हुए तुरंत 112 नंबर पर फोन कर पुलिस फोर्स बुला ली। देखते ही देखते टीटीई कार्यालय के बाहर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिसकर्मियों का जमावड़ा लग गया।करीब आधे घंटे से अधिक समय तक कार्यालय में मान-मनौव्वल और बहसबाजी का दौर चलता रहा। पुलिसकर्मी भी मामले को रफा-दफा करने और समझौते का प्रयास करते दिखे, लेकिन महिला सिपाही जुर्माना न देने की जिद पर अड़ी रहीं। आखिरकार, रेलवे स्टाफ ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे घटनाक्रम की शिकायत सीधे खीरी जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को पत्र लिखकर करने की चेतावनी दी। एसपी को शिकायत जाने की बात सुनते ही महिला सिपाही बैकफुट पर आ गईं और उन्होंने जुर्माना जमा कर रसीद कटवाई।
स्टेशन पर खाकी की धौंस फेल: सुपरफास्ट में जनरल टिकट पर पकड़ी गई महिला सिपाही,बुला ली पुलिस
By -
November 21, 2026
