रिश्वत के कथित लेनदेन का वीडियो वायरल, हेड कांस्टेबल निलंबित

बृज बिहारी दुबे
By -

जौनपुर। रिश्वत के कथित लेनदेन से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बक्सा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल समलेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिसकर्मी पर कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने का आरोप है।

बताया गया कि हेड कांस्टेबल का रिश्वत के कथित लेनदेन से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मी का आचरण अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही की श्रेणी में पाया गया। निलंबन के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान वायरल वीडियो और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होगी।

एसएसपी की कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!