रामपुर नगर पंचायत की बिना नंबर वाली कचरा गाड़ी से बड़ा हादसा, दो घायल; पहले भी उठ चुके थे सवाल

बृज बिहारी दुबे
By -
 जौनपुर। रामपुर नगर पंचायत की कचरा ढोने वाली बिना नंबर की गाड़ी एक बार फिर विवादों में है। सोमवार को इसी गाड़ी की चपेट में आने से बुद्धि गौतम पुत्र मुन्ना, निवासी वार्ड नंबर-2 सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत की अधिकांश कचरा गाड़ियां बिना पंजीकरण नंबर के सड़कों पर दौड़ रही हैं। इतना ही नहीं, चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि बिना नंबर के सरकारी वाहन चलाना नियमों के विपरीत है, फिर भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बिना नंबर वाली इन गाड़ियों को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें और सवाल उठाए गए थे, लेकिन किसी ने गंभीरता नहीं दिखाई। अब दो लोगों के घायल होने के बाद यह मामला फिर चर्चा में है।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। क्षेत्रीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई, घायलों को उचित सहायता तथा नगर पंचायत के सभी वाहनों के दस्तावेजों की जांच कराने की मांग की है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नगर पंचायत की सभी कचरा गाड़ियां बिना नंबर के चल रही हैं, तो इसकी जवाबदेही किसकी है? क्या संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!