मछलीशहर (जौनपुर)। विकासखंड मछलीशहर की ग्राम पंचायत जमालपुर में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर जिला स्तरीय जांच टीम पहुंची। लगभग दो माह पूर्व भी शिकायतों के आधार पर विकास कार्यों की जांच की गई थी। दूसरी बार जांच होने से क्षेत्र में एक बार फिर चर्चाओं का माहौल है।
जिला मुख्यालय से आई जांच टीम ने ग्राम पंचायत में सड़क, तालाब, जलनिकासी सहित विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर अभिलेखों की जांच की तथा ग्रामीणों से भी जानकारी प्राप्त की। जांच पूरी करने के बाद टीम वापस लौट गई।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी, मछलीशहर ने बताया कि, "जिले से जांच टीम आई थी। टीम गांव के विकास कार्यों की जांच कर वापस चली गई है। जांच से संबंधित समस्त जानकारी और रिपोर्ट जिला स्तरीय टीम के पास ही रहती है।"
वहीं, ग्राम प्रधान फूल कुमारी के पति सूर्यभान यादव ने बताया कि, "जिला स्तरीय टीम गांव में आई थी। विकास कार्यों की जांच की गई है और टीम जांच पूरी कर वापस चली गई है।"
लगातार दूसरी बार जांच होने से ग्रामीणों में यह चर्चा है कि जांच रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आएंगे और आगे क्या कार्रवाई होगी। हालांकि, किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा जिम्मेदारी की पुष्टि आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। जिला प्रशासन द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
