*जौनपुर।* आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के सम्भाजन (पुनर्गठन) को लेकर प्राप्त सुझावों और शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतदेय स्थलों के सम्भाजन से संबंधित सभी सुझावों और आपत्तियों पर बिंदुवार चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत और सुझाव का परीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए।
उन्होंने कहा कि जहां आवश्यक हो, वहां नियमानुसार संशोधन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सभी आपत्तियों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों का सम्भाजन किया जाए, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी बन सके।
बैठक में शाहगंज विधायक रमेश सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
