जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के मुसईपुर गांव में शुक्रवर े र रात लगभग 12 बजे जौनपुर-मिर्जापुर एनएच-35 पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सड़क किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार टेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक और टेलर दोनों अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित राजेश गुप्ता के मकान में जा घुसे।
हादसे के समय घर में सो रहे राजेश गुप्ता के लगभग 14 वर्षीय पुत्र सूरज गुप्ता की मलबे और वाहनों की चपेट में आने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टेलर रामपुर से भदोही की ओर जा रहा था। सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराने के बाद दोनों भारी वाहन सीधे मकान में जा घुसे, जिससे घर का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों से होने वाले खतरे को उजागर करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर इस तरह वाहन खड़े रहने से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
