जौनपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अहियापुर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया और घर पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि मृतक डॉ. राजेश नागर (45 वर्ष), निवासी जलालपुर गांव थाना सरायख्वाजा, की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए पहले पचहटिया स्थित शकुंतला नर्सिंग होम ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें शहर के निजी अस्पताल बी.एस. उपाध्याय के यहां रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय पर और सही इलाज नहीं मिलने के कारण यह मौत हुई है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामा भी देखने को मिला।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मृतक के परिजनों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं गांव जलालपुर के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है।
असमय हुई इस मौत से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देते नजर आए।
