*जौनपुर* प्रभारी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जिले की आपदा प्रबंधन और नगर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण भवन में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मंत्री ने आंधी-तूफान, बारिश और आगामी बरसात को लेकर तैयारियों का जायजा लिया।
जनपद जौनपुर के दौरे पर पहुंचे प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले की वर्तमान स्थिति और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो दिनों में आए आंधी-तूफान का जिले में व्यापक असर नहीं पड़ा, हालांकि कुछ स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली के खंभों और ट्रांसमिशन लाइनों को नुकसान पहुंचा है, जिसे विभागीय टीमें लगातार दुरुस्त करने में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं होने की जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि के मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीम पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियां पहले से मजबूत रहनी चाहिए, ताकि नुकसान को कम किया जा सके।
प्रभारी मंत्री ने आगामी बरसात को देखते हुए नगर क्षेत्रों में नाला-नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत और साफ-सफाई के कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं जलभराव, कूड़ा-करकट या खराब सड़कें हों, वहां तत्काल कार्रवाई कर जनता को राहत दी जाए।
इस बैठक में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
“सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य करें। बरसात से पहले नगर व्यवस्थाएं दुरुस्त हों और आपदा प्रबंधन टीम हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहे।”
