मछलीशहर में होटल पर छापा, कथित देह व्यापार का भंडाफोड़08 युवक-युवतियां हिरासत में, होटल संचालक की भूमिका जांच के घेरे में

बृज बिहारी दुबे
By -
रिपोर्ट शिवेंद्र कुमार 

जौनपुर। जौनपुर जिले के मछलीशहर कस्बे के इलाहाबाद रोड स्थित खजुरहट गांव में रविवार को पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रहे कथित अवैध देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान होटल से 08 युवक-युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार खजुरहट स्थित होटल आयुष को लेकर काफी समय से स्थानीय लोगों द्वारा अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने गोपनीय जांच कराई, जिसके बाद रविवार को नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव की मौजूदगी में पुलिस टीम ने होटल पर अचानक छापा मारा।

छापेमारी के दौरान होटल के विभिन्न कमरों से युवक-युवतियां संदिग्ध हालत में मिलीं, जिन्हें तत्काल हिरासत में लेकर मछलीशहर कोतवाली लाया गया। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है तथा उनके दस्तावेजों एवं होटल के रजिस्टर की भी जांच की जा रही है।

मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो पा रही थी। रविवार को हुई छापेमारी के बाद लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई की सराहना की।

कोतवाल मछलीशहर विनीत कुमार राय ने बताया कि होटल में अनैतिक गतिविधियों की शिकायत लगातार प्राप्त हो रही थी। जांच एवं छापेमारी के दौरान आठ युवक-युवतियां संदिग्ध स्थिति में मिले हैं, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस होटल संचालक की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है। यदि जांच में होटल प्रबंधन की संलिप्तता पाई जाती है तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn more
Ok, Go it!