मुंबई महानगरपालिका (BMC) के सहायक आयुक्त नितीन शुक्ला को पार्कसाइट पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक 32 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर पिछले तीन वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उससे विवाह करने से इंकार कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को स्थानीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, करीब तीन वर्ष पहले नितीन शुक्ला जब मनपा के इमारत मरम्मत विभाग में प्रमुख पद पर कार्यरत थे, उसी दौरान विक्रोली क्षेत्र में उनकी मुलाकात पीड़िता से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच पहचान बढ़ी और दोस्ती में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान शुक्ला ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता ने जब विवाह के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो नितीन शुक्ला कथित रूप से टालमटोल करने लगे। इसके बाद पीड़िता ने रविवार शाम पार्कसाइट पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज किया.
