प्रयागराज। पुलिस उपायुक्त नगर द्वारा मुख्यमंत्री, उ0प्र0 सरकार द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित अभियान “मिशन शक्ति- 5.0” के सम्बन्ध में रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित "इंटीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर(ICCC)” से “पब्लिक एड्रेस सिस्टम(पी0ए0 सिस्टम)” के माध्यम से आम जनमानस को सम्बोधित किया गया।
पुलिस उपायुक्त नगर द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि आगामी त्योहारों शारदीय नवरात्र व दशहरा के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चिन्हित प्राथमिकताओं में सर्वाधिक महत्वपूर्ण प्राथमिकता नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं उनका सर्वांगीण विकास है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री द्वारा सोमवार से मिशन शक्ति के पंचम चरण का शुभारंभ किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत कमिश्नरेट प्रयागराज के समस्त थानों में मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना की गई है। ये मिशन शक्ति केंद्र महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं उनसे संबंधित सभी समस्याओं के समाधान में प्रमुख भूमिका निभाएंगे। मिशन शक्ति के इस पंचम चरण में थानों पर गठित एंटी रोमियो स्क्वायड को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
संबोधन के दौरान पुलिस उपायुक्त नगर द्वारा सख्त हिदायत दी गई कि यदि कोई भी व्यक्ति महिलाओं के साथ छेड़खानी करता है अथवा अन्य किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना कारित करता है या कारित करने का प्रयास करता है तो उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
रिपोर्ट राम आसरे
