जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के बारीगांव में रविवार सुबह जमीन बंटवारे के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिवार के दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का आरोप है, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शाहापुर निवासी लालबहादुर सिंह के दो बेटे आनंद और सुभाष पिछले करीब 25 वर्षों से बारीगांव में जमीन खरीदकर मकान बनाकर रह रहे हैं। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।
रविवार सुबह इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सुभाष, उसकी पत्नी, सास, ससुर तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने आनंद के बेटों उदय (23) और राज (20) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एक घायल को जौनपुर सदर अस्पताल तथा दूसरे को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
